ब्रजभूमि कॉलोनी में पुलवामा शहीदों की स्मृति में 21 फीट ऊँचे तिरंगे का हुआ ध्वजारोहण

Update: 2026-02-14 11:23 GMT


भीलवाड़ा। पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए वीर जवानों की पावन स्मृति में 14 फरवरी 2026 (ब्लैक डे) के अवसर पर ब्रजभूमि कॉलोनी में श्रद्धांजलि एवं ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम प्रातः 11:00 बजे कॉलोनी के गार्डन में आयोजित हुआ, जिसमें कॉलोनी के सभी सम्माननीय सदस्यगण एवं नागरिकों की उपस्थिति रही।

आयोजकों के अनुसार, 14 फरवरी देश के लिए शोक और स्मरण का दिन है, जब राष्ट्र ने 40 वीर सपूतों को खो दिया था। उन्हीं अमर शहीदों को नमन करने हेतु कॉलोनी में विशाल तिरंगा ध्वज फहराया गया, जो देशभक्ति की भावना का प्रतीक बनेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को बलिदान की याद दिलाएगा।

कॉलोनी के सदस्यों के नेतृत्व में गार्डन के सौंदर्यकरण के क्रम में भीलवाड़ा शहर की सबसे पहली प्राइवेट कॉलोनी ब्रजभूमि कॉलोनी में एक विशाल प्लेटफॉर्म का निर्माण किया गया है, जिस पर लगभग 21 फीट से अधिक ऊँचाई पर विशाल तिरंगा फहराया गया। यह कार्य कॉलोनीवासियों के सामूहिक सरोकार, एकता और क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

आयोजकों में दिनेश भक्त, देवेंद्र सिंह हाड़ा, एडवोकेट ललित कुमावत,  कांत अपूर्वा, आलोक पवार, राजेश जोशी, शैलेन्द्र, मनीष, यश जैन ने बताया कि कॉलोनी का संगठन अपने सदस्यों के सहयोग और नेतृत्व से निरंतर जनहित कार्यों को आगे बढ़ा रहा है, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

कॉलोनी के सभी सम्माननीय नागरिकों ने कार्यक्रम में सपरिवार उपस्थित होकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर तथा राष्ट्र के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त करी।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों द्वारा राष्ट्रगान, श्रद्धांजलि अर्पण एवं देशभक्ति के संदेश के साथ समारोह संपन्न हुआ।

Tags:    

Similar News