मांडल में आबादी क्षेत्र में सियार घुसने से मचा हड़कंप, टॉयलेट में किया कैद

Update: 2026-02-18 06:40 GMT

मांडल (सोन‍िया सागर)। कस्बे के रिहायशी इलाके में आज उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सियार अचानक आबादी क्षेत्र में घुस आया। सियार को देखते ही स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, यह सियार मठ मंदिर के समीप स्थित एक टॉयलेट में जा घुसा, जिसे सतर्क ग्रामीणों ने तुरंत बाहर से बंद कर दिया।

सियार के टॉयलेट में कैद होने की खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में तमाशबीनों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सियार को गलियों में दौड़ते देख लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे थे। गनीमत रही कि स्थानीय नागरिकों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे टॉयलेट में बंद कर दिया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि टल गई।

घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई, लेकिन स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर रोष है कि समाचार लिखे जाने तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। मंदिर और आसपास के क्षेत्र में अभी भी भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगली जानवरों का इस तरह आबादी क्षेत्र में आना सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। फिलहाल सियार टॉयलेट के भीतर ही बंद है और प्रशासन की निगरानी के बीच वन विभाग की टीम का इंतजार किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News