लाम्‍ब‍िया में पशु मेला 13 से

Update: 2025-09-11 11:50 GMT

बेरा (भेरूलाल गुर्जर)।  बनेड़ा उपखंड क्षेत्र के लांबिया भेरुनाथ में पशु मेला 13 से 16 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। यह पांच दिवसीय मेला मालवा और देसी नस्ल के बैलों, भैंसों, घोड़ों, ऊंटों तथा मालपुरा नल की भेड़ों के क्रय-विक्रय के लिए प्रसिद्ध है।

मेले में न केवल राजस्थान के विभिन्न जिलों से, बल्कि मालवा, उज्जैन, रतलाम, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, कोटा सहित कई अन्य स्थानों से व्यापारी और पशुपालक बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। यह विशाल पशु मेला पिछले कई वर्षों से लगातार भरता आ रहा है और पशुपालकों के लिए व्यापार तथा मेल-मिलाप का बड़ा केंद्र बन चुका है।

मेले की तैयारियों को लेकर ग्राम पंचायत द्वारा सफाई, बिजली, पानी, चिकित्सा और सुरक्षा जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मेले में विभिन्न नस्लों के पशुओं की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जिनमें विजेता पशुओं के मालिकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, मेले में उस किसान को विशेष पुरस्कार दिया जाएगा, जो सबसे ऊंची कीमत पर पशु खरीदेगा।

मेले के दौरान भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण बना रहेगा। बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए डॉलर चकरी, मौत का कुआं और विभिन्न प्रकार के खिलौनों की दुकानें भी मेले में सजने लगी हैं।

इस मेले को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और व्यापारी धीरे-धीरे अपने पशुओं के साथ मेले में पहुंचना शुरू कर चुके हैं।

Similar News