जलझूनी ग्यारस पर बालाजी गौवंश हेल्पलाइन ने निभाई मानवता की ड्यूटी, पदयात्रियों की सेवा में रहे तत्पर
कोटडी। भादवा माह की जलझूनी ग्यारस पर जब तपती धूप और प्यास से श्रद्धालुओं के कदम लड़खड़ाने लगे, तब बालाजी गौवंश हेल्पलाइन टीम मानवता की संजीवनी बनकर सामने आई। सेवा का ऐसा विराट रूप सामने आया कि हर किसी ने कहा– यही है असली धर्म।
हेल्पलाइन टीम ने पूरे आयोजन के दौरान हजारों श्रद्धालुओं और राहगीरों को शीतल जल पिलाया और ऊर्जा बनाए रखने के लिए केले, बिस्किट व सेगारी नमकीन वितरित किए। श्रद्धालुओं ने इसे केवल सेवा नहीं, बल्कि जीवनदायिनी परंपरा बताया।
संस्था के जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि बालाजी गौवंश हेल्पलाइन सिर्फ गौ सेवा ही नहीं, बल्कि मानव सेवा को भी धर्म का सर्वोच्च कर्तव्य मानती है। हमारी टीम का उद्देश्य है कि कोई भी यात्री थकान, धूप या प्यास से हार न माने। यह आयोजन हर वर्ष और भी बड़े स्तर पर जारी रहेगा।
बालाजी गौवंश हेल्पलाइन सालभर अनाथ और बीमार गौवंश की देखभाल, उपचार और चारे की व्यवस्था में सक्रिय रहती है। संस्था समय-समय पर ग्राम्य क्षेत्रों में जागरूकता अभियान और गौ सेवा से संबंधित कार्यक्रम भी आयोजित करती है।
श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने हेल्पलाइन टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गौ सेवा और मानव सेवा का ऐसा संगम समाज को नई दिशा और प्रेरणा देता है। यह केवल सेवा नहीं, बल्कि धर्म और मानवता का ज्वलंत उदाहरण है।
इस अवसर पर अभिषेक सिंह, अजीत सिंह, राजेश, पंकज सेन, किशन सेन, मनोज सेन, सुनील सेन, राजू वैष्णव, प्रकाश कुम्हार, भजन कलाकार बबलू प्रजापत, केसरी गुर्जर सहित अनेक गोभक्त उपस्थित रहे।
