आसींद में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल, जिला अस्पताल में रेफर

Update: 2026-02-18 06:36 GMT

भीलवाड़ा । जिले के आसींद थाना इलाके में ब्यावर-भीलवाड़ा मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग 158) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मोड़ का निंबाहेड़ा स्थित महादेव होटल के पास मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

इस हादसे में बाइक सवार युवक, जिसकी पहचान कुशालपुरा (मसूदा) निवासी शिवराज पुत्र कालू रावत के रूप में हुई है, गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि शिवराज अपनी बाइक से गांव की ओर जा रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

घटना की जानकारी मिलते ही भगवानपुरा से 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद तुरंत जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी वाहन चालक का सुराग लगाया जा सके।

Tags:    

Similar News