भीलवाड़ा मेंतीन करोड़ की तस्करी के मामले में फरार तस्कर पकड़ा

Update: 2025-06-28 17:39 GMT


  भीलवाड़ा   सदर थाना क्षेत्र में एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स ने (एजीटीएफ) ने एक कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार किया है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एजीटीएफ) दिनेश एमएन ने शनिवार को बताया कि पुलिस को खुफिया जानकारी मिली कि नागौर जिले में मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत वांछित बदमाश नारायण लाल जाट (33) भीलवाड़ा में छिपा है। सूचना मिलते ही एजीटीएफ के दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी करके नारायण लाल जाट, निवासी बन का खेड़ा, थाना बडलियास, जिला भीलवाड़ा को दबोंच लिया। उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए नागौर पुलिस को सौंपा जा रहा है।सीआईडी क्राइम ब्रांच के अनुसार, आरोपी नारायण जाट नागौर पुलिस के 3 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत के अफीम डोडा चूरा के दो बड़े मामलों में वांछित था। 5 जुलाई 2024 को नागौर पुलिस ने गोगेलाव में 1.6 टन अवैध डोडा चूरा से भरा ट्रक जब्त किया था। इस मामले में ड्राइवर राजू को गिरफ्तार किया। जिससे पूछताछ में नारायण लाल का नाम सामने आया था।

दूसरा मामला 9 नवंबर 2024 का था जिसमें खाटू बड़ी थाना पुलिस ने दरौली चौराहा पर 367 किलो 470 ग्राम अवैध डोडा चूर जब्त किया था, जो एक गाड़ी में भरकर ले जाया जा रहा था। इस मामले में गिरफ्तार लालाराम और श्यामलाल ने नारायण लाल से डोडा चूरा खरीदना बताया था।

गिरफ्तारी के बाद नारायण जाट को पुलिस नागौर ले गई। वहां से पूछताछ की जाएगी।

गिरफ्तारी के बाद नारायण जाट को पुलिस नागौर ले गई। वहां से पूछताछ की जाएगी।

झारखंड से लाता था डोडा चूरा

नारायण जाट से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी झारखंड से बड़ी मात्रा में डोडा-पोस्त की तस्करी कर नागौर जिले के आसपास क्षेत्र में सप्लाई करता था। फिलहाल नागौर पुलिस की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और इसके नेटवर्क और अन्य अपराधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। नागौर पुलिस ने ही इस पर 10 हजार का इनाम रखा था।

एडीजीपी दिनेश एमएन के निर्देशन में हुई कार्रवाई में इंस्पेक्टर राम सिंह, कॉन्स्टेबल गोपाल धाबाई, विजय सिंह शामिल रहे। साथ ही प्रताप सिंह, एएसआई बनवारी लाल शर्मा, हेड कॉन्स्टेबल महेश, महावीर, हेमंत शर्मा, जितेंद्र गंगाराम और दिनेश शर्मा ने भी सहयोग किया।

Similar News