भाविप विवेकानंद शाखा: वार्षिक साधारण सभा व नवीन कार्यकारिणी का चुनाव 21 को
भीलवाड़ा । भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा की वार्षिक साधारण सभा एवं आगामी सत्र के लिए नवीन दायित्वधारियों के चयन की प्रक्रिया 21 मार्च को आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम हरनी महादेव रोड स्थित 'रामेश्वरम' में संपन्न होगा। शाखा अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर समन्वयक श्याम कुमावत के सानिध्य में यह बैठक शाम 7:30 बजे से शुरू होगी। इस दौरान परिषद की चतुर्थ प्रांतीय बैठक का भी आयोजन किया जाएगा। बैठक के मुख्य एजेंडे में वर्ष भर की गतिविधियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करने के साथ ही आगामी सत्र 2026-27 के लिए अध्यक्ष, सचिव एवं वित्त सचिव के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रसाद वितरण कर दी नववर्ष की बधाई
इससे पूर्व, गुरुवार को नववर्ष प्रतिपदा के अवसर पर परिषद की ओर से शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं ने आमजन को तिलक लगाकर भारतीय नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान परंपरागत रूप से मिश्री, नीम की कोपलें और काली मिर्च का प्रसाद वितरित कर सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।