मौसम ने ली करवट, किसानों की बढ़ी चिंता
गंगापुर में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट बदल ली। सुबह होते ही आसमान पर घने बादल छा गए, जिससे दिन की शुरुआत बदली-बदली नजर आई। दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं और बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे मौसम सुहावना तो हुआ, लेकिन किसानों की चिंता भी बढ़ गई।
मौसम के इस अचानक बदलाव ने खासतौर पर किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। इस समय खेतों में पकी हुई खड़ी फसल पर बारिश या ओलावृष्टि का खतरा मंडराने लगा है, जिससे नुकसान की आशंका जताई जा रही है। गेहूं और चना की फसल इस समय पकने की अवस्था में है, ऐसे में हल्की बारिश भी फसल की गुणवत्ता पर असर डाल सकती है, जबकि ओलावृष्टि से भारी नुकसान होने की संभावना है।
क्षेत्र के किसानों का कहना है कि यदि इस समय बारिश या ओले गिरते हैं, तो उनकी पूरी मेहनत पर पानी फिर सकता है। किसान फसल कटाई से पहले मौसम साफ रहने की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन आसमान में छाए बादल उनकी चिंता बढ़ा रहे हैं।