किशोरियों के स्वास्थ्य और पोषण जागरूकता हेतु अभियान आयोजित
भादू (भेरूलाल गर्ग), मांडल। भारत सरकार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा तथा महिला अधिकारिता उपनिर्देशक नागेन्द्र कुमार तोलंबिया के निर्देशानुसार (संकल्प : हब) के अंतर्गत 10 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान "बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना" के तहत "किशोरियों के स्वास्थ्य और पोषण जागरूकता" हेतु राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पीथास में छात्राओं के साथ एक विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।
इस सत्र में जेंडर स्पेशलिस्ट विजेता कंवर द्वारा बालिकाओं को बाल विवाह को समाप्त करने, लड़कियों के विरुद्ध हिंसा को रोकने और पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप बाल यौन शोषण के मुद्दों के समाधान पर जागरूक किया गया।
पीएसके केंद्र की प्रबंधक गंगा दाधीच ने बच्चों के अधिकारों और पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत संरक्षण के उपायों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने लड़कियों और लड़कों दोनों के लिए एक सुरक्षित और सहायक वातावरण को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम में किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई जिसमें खून की कमी (एनीमिया) के सामान्य लक्षणों, संकेतों और बचाव के उपायों की जानकारी प्रदान की गई।
सुपरवाइजर हेमा नायक ने बालिकाओं को विभागीय योजनाओं के बारे में अवगत कराया और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।
एमएमएसके काउंसलर रंजना पुरोहित ने सेंटर द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यशाला में विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद कुमार जयसवाल, अध्यापिका पल्लवी व्यास, डिम्पल शर्मा तथा ग्राम साथिन सरिता पारिक भी उपस्थित रहे।
