गुरला (बद्रीलाल माली)। विश्वविख्यात ज्योतिष नगरी कारोई में मौसम में अचानक आए बदलाव के बाद शनिवार को शीतलहर ने लोगों को ठिठुरा दिया। शुक्रवार रात बूंदाबांदी के बाद हल्की बारिश और तेज हवा चलने से सर्दी का असर बढ़ गया। दिनभर लोग घरों में दुबके रहे और जरूरी काम से ही बाहर निकले। चाय की दुकानों और होटलों पर अलाव जलाकर लोग ठंड से राहत पाते नजर आए। कई स्थानों पर हल्का कोहरा भी छाया रहा और दिनभर बादल बने रहे। मौजूदा बारिश रबी की फसलों के लिए फायदेमंद है, हालांकि किसानों को ओलावृष्टि की आशंका बनी हुई है।