भ्रष्टाचार के खिलाफ गूंजा 'हल्ला बोल', सर्किट हाउस के बाहर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
भीलवाड़ा । शहर की चरमराती स्वास्थ्य सेवाओं और सड़कों की बदहाली को लेकर आज भीलवाड़ा सर्किट हाउस के बाहर जन-आक्रोश फूट पड़ा। नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक के सानिध्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने "हल्ला बोल, भ्रष्टाचार पर मुंह खोल" नारे के साथ विरोध प्रदर्शन किया।
सीवरेज कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक ने प्रशासन पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि शहर में हुआ सीवरेज का कार्य पूरी तरह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है। पारीक ने आरोप लगाया कि घटिया निर्माण के कारण सड़कें टूट रही हैं, डामर का नामोनिशां नहीं है और धूल के गुबार से जनता त्रस्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि मिट्टी उड़ने से लोग अस्थमा और आंखों की बीमारियों का शिकार हो रहे हैं, जबकि सड़कों के गड्ढों ने स्लिप डिस्क जैसी गंभीर समस्याएं बढ़ा दी हैं।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर सवाल
पीसीसी सदस्य ने सर्किट हाउस जैसी महत्वपूर्ण जगह की अनदेखी पर रोष जताया। उन्होंने कहा, "सर्किट हाउस भीलवाड़ा की नाक है, जहां मंत्रियों और अधिकारियों का जमावड़ा रहता है, फिर भी दो माह से 25 फीट गहरा गड्ढा और बंद सड़क प्रशासन की संवेदनहीनता को दर्शा रही है।" वहीं योगेश सोनी ने स्थानीय विधायक को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विधायक कार्यालय इसी मार्ग पर होने के बावजूद 100 फीट रोड और आरटीओ ऑफिस मार्ग की दुर्दशा पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन और ठेकेदार की 'साझेदारी' के कारण जनता चिकित्सा सुविधाओं के लिए भी तरस रही है।
प्रमुख कार्यकर्ताओं की मौजूदगी
इस प्रदर्शन में सुरेश कुमार बम, कृष्ण कुमार व्यास, सुनील दत्त शर्मा, सत्यनारायण खारोल, दिनेश बासिता, उमेश गाडरी, जीसू गाडरी, राकेश सुवालका, गजेंद्र सिंह धाबाई, अंबालाल कुम्हार, प्रमोद कुमार गौड़, विशाल सुखवाल, चंदन सिंह, सोनू बोहरा, महावीर वैष्णव, विष्णु, राजू गलिया, प्रीतम, कमल खान, कैलाश सिंह, मोनू, सत्तू बंसल, कुंदन शर्मा, संदीप ट्रेलर, विशाल, प्रकाश पुरी, नरेश कुमावत और मांगीलाल शाहिद सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।