चम्बल का पानी वचित कॉलोनियों को उपलब्ध कराने की सांसद विधायक से मांग
भीलवाड़ा। पर्यावरणविद् बाबूलाल जाजू ने भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल एवं विधायक अशोक कोठारी से चम्बल पेयजल से वंचित कॉलोनियों को चम्बल का पानी शीघ्र उपलब्ध करवाने की मांग की है। जाजू ने कहा कि सरकार द्वारा 131 करोड़ रुपये वंचित कॉलोनियों को चम्बल का पानी उपलब्ध कराने हेतु स्वीकृत किये गये हैं, परंतु अब तक वर्क ऑर्डर जारी नहीं हुए हैं जो शीघ्र जारी कराए जाए।
जाजू ने बताया कि बजट स्वीकृत होने के बावजूद लगभग 1 लाख लोग आज भी अशुद्ध, प्रदूषित व हाई टीडीएस का पानी पीने को मजबूर है। जाजू ने बताया कि हाई टीडीएस पानी पीने के लिए तो उपयुक्त नहीं है साथ ही नहाने पर भी बाल झड़ने की गंभीर समस्या पैदा कर रहा है। जाजू ने पत्र लिखकर विधायक, सांसद सहित प्रशासन व जनप्रतिनिधियों का शुद्ध पेयजल की गंभीर व पुरानी समस्या से निजात हेतु शीघ्र वर्क ऑर्डर जारी कर समयसीमा तय करते हुए चम्बल का पेयजल उपलब्ध कराने की ओर ध्यान आकृष्ट किया। उल्लेखनीय है कि जाजू ने शुद्ध व स्वच्छ पेयजल हेतु राजस्थान उच्च न्यायालय में जनहित याचिका भी दायर की थी, जिसमें जिला प्रशासन व पीएचईडी को पेयजल उपलब्ध कराने हेतु दिशानिर्देश दिये गये हैं।