श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने की मुलाकात
भीलवाड़ा, । धर्मनगरी भीलवाड़ा शहर में पहली बार प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारबिंद से 8 से 14 अप्रेल तक आजादनगर मेडिसिटी ग्राउण्ड पर होने वाली शिव महापुराण कथा आयोजन में शामिल होने के लिए विशिष्टजनों को आमंत्रित करने का दौर जारी है। कथा सूत्रधारा संकटमोचन हनुमान मंदिर के महन्त बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में होने वाले आयोजन के लिए श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति भीलवाड़ा के पदाधिकारियों ने राजस्थान के उप मुख्यमंत्री व विभिन्न मंत्रियों को आमंत्रित किया है। समिति के अध्यक्ष विधायक अशोक कोठारी एवं कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उद्योग एवं खेल मंत्री राज्यवर्धनसिंह राठौड़, नगरीय विकास मंत्री झाबरसिंह खर्रा, सहकारिता मंत्री गौतम दक, खाद्य मंत्री सुमित गोदारा से मुलाकात कर उन्हें इस आयोजन में विशिष्ट आतिथ्य प्रदान करने के लिए आमंत्रित किया। उप मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों ने आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी। आमंत्रित करने वालों में समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील जागेटिया, प्रशासनिक प्रभारी अर्पित कोठारी आदि भी शामिल थे। गौरतलब है कि समिति द्वारा श्री महाशिवपुराण कथा में शामिल होने के लिए राजस्थान के राज्यपाल हरिभाउ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आदि को आमंत्रित किया जा चुका है।