बेसहारा गौवंश की बिक्री पर रोक लगाने की मांग
बनेड़ा (ओपी शर्मा) उपखंड सर्किल लांबियाकला पंचायत के बाहले के भेरू नाथ मंदिर चौक में आयोजित हो रहे पशु मेले में अवैध रूप से बेसहारा गौवंश की बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर गुरुवार को गौ रक्षा दल के सदस्यों ने उपखंड अधिकारी श्रीकांत व्यास को ज्ञापन सौंपा।
सोमनाथ गौ सेवा संस्थान के सदस्यों ने ज्ञापन में बताया कि लांबियाकला में चल रहे पशु मेले में गौ तस्कर गांवों से बेसहारा (सुने) गोवंश को उठाकर क्रूरता पूर्वक टेंपो और पिकअप जैसे वाहनों में भरकर मेले में ला रहे हैं। इससे कई गौवंश रास्ते में ही दम तोड़ रहे हैं या गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि कानून के अनुसार एक वाहन में केवल दो गोवंश ही ले जाने की अनुमति है, लेकिन मेले में एक ही वाहन में चार से छह गोवंश ले जाए जा रहे हैं।
गौ रक्षकों ने मांग की कि पशु मेले में गांवों से लाए जा रहे बेसहारा गोवंश को रोका जाए। साथ ही, बिना सरपंच की अनुमति (लेटर पैड) के और अवैध रूप से तस्करों द्वारा पकड़ कर लाए गए गौवंश को 500, 1000, 2000 रुपये में बेचा जा रहा है, जिसे तत्काल रोका जाना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि मेले में अवैध रूप से प्रवेश कर चुके गौवंश को बैलगाड़ियों में जोतकर उनकी जांच की जाए और जिनका कोई वैध दस्तावेज नहीं है, उन्हें छोड़ दिया जाए। गौ रक्षकों का कहना है कि सनातन परंपरा में गौवंश पूजनीय है, और उनके साथ हो रही क्रूरता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गौ रक्षा दल ने चेतावनी दी कि अगर पशु मेले में अवैध गोवंश की बिक्री और उनके क्रूर तरीके से लाए जाने पर रोक नहीं लगाई गई, तो वे हिन्दू संगठनों की सहायता से विरोध प्रदर्शन करेंगे।
ज्ञापन देने वालों में रामपाल कुमावत, राधे, सुखदेव, मोनु, दुर्गेश, ओमप्रकाश, महेन्द्र, रामनारायण, राकेश सहित कई गौ सेवक उपस्थित थे।
