ग्राउंड नहीं होने के बावजूद बच्चों का शानदार प्रदर्शन, कोच ने की मैदान उपलब्ध कराने की अपील

Update: 2026-02-06 10:03 GMT

 भीलवाड़ा ।  सीमित संसाधनों और खेल मैदान के अभाव के बावजूद जिले के ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों ने खेलों में शानदार प्रदर्शन कर कई मेडल अपने नाम किए हैं। बच्चों की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि अगर हौसला और मेहनत हो तो सुविधाओं की कमी भी सफलता के रास्ते को नहीं रोक सकती।

गांव पालड़ी (जिला भीलवाड़ा) के एनआईएस कोच महावीर गुर्जर ने बताया कि बच्चों ने जो भी मेडल हासिल किए हैं, वे उनकी कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम हैं। ये मेडल किसी प्रकार से खरीदे नहीं गए हैं, बल्कि बच्चों ने नेशनल, स्टेट और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा साबित की है। कई बच्चे नेशनल पार्टिसिपेंट रहे हैं, जबकि कुछ खिलाड़ियों ने एएफआई एवं फेडरेशन स्तर की प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया है।

उन्होंने बताया कि पिछले करीब 8 वर्षों से वे बच्चों को प्रशिक्षण दे रहे हैं, लेकिन अभी तक खिलाड़ियों के लिए उचित खेल मैदान उपलब्ध नहीं हो पाया है। इसके बावजूद बच्चे लगातार मेहनत कर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

कोच महावीर गुर्जर ने समाज, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से अपील की है कि खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य को देखते हुए जल्द से जल्द खेल मैदान की व्यवस्था कराई जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल सके।

Similar News