आसींद के डॉ. गोवर्धन लाल कुम्हार बने खाद्य सुरक्षा अधिकारी

Update: 2025-12-18 11:47 GMT

भीलवाड़ा। आसींद क्षेत्र के प्रतापपुरा निवासी डॉ. गोवर्धन लाल कुम्हार को आज खाद्य सुरक्षा अधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया है। इस उपलब्धि पर उन्होंने अपने माता-पिता, गुरुजनों, परिवारजनों और मित्रों का आभार व्यक्त किया।

डॉ. कुम्हार ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर संघर्ष के बल पर यह सफलता हासिल की है। हाल ही में उन्होंने महाराणा प्रताप कृषि एवं तकनीकी विश्वविद्यालय से विद्यावाचस्पति (पीएच.डी.) की उपाधि प्राप्त की है।

उनका शोध कार्य डॉ. अमित दाधीच के निर्देशन में पूरा हुआ। इस शोध का विषय था "एकल क्रॉस मक्का (जिया मेज़ एल.) संकरों में संकर ओज, संयोजन क्षमता एवं स्थिरता विश्लेषण", जिसे कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है।

डॉ. कुम्हार की इस सफलता पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। गांववासियों, शिक्षकों और शुभचिंतकों द्वारा उन्हें लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।

डॉ. कुम्हार ने बताया कि उन्होंने इस भर्ती परीक्षा की तैयारी 2022 में शुरू की थी। परीक्षा 27 जून 2023 को संपन्न हुई और राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा अंतिम परिणाम 10 जून 2024 को घोषित किया गया।

उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्रतापपुरा की राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल से, कक्षा 8 तक आसींद की राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल से और स्नातक की शिक्षा स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर से प्राप्त की। इसके बाद 2017 से 2019 तक करण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर जयपुर से स्नातकोत्तर की उपाधि हासिल की और वर्ष 2021 से 2025 तक महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की।

डॉ. कुम्हार के परिवार की बात करें तो उनके पिता कृषि कार्य करते हैं, मां गृहिणी हैं। उनके दो बड़ी बहनें और एक बड़ा भाई हैं। भाई कृषि विभाग में वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक के पद पर पिंडवाड़ा, सिरोही में कार्यरत हैं।

Tags:    

Similar News