श्री शिव महापुराण कथा के लिए प्रतिदिन भण्डारे में 12 भट्टियों पर लकड़ियों से सुबह-शाम बनेगा 20 हजार भक्तों का भोजन

Update: 2026-04-03 12:25 GMT

भीलवाड़ा । धर्मनगरी के इतिहास में पहली बार आयोजित होने जा रहे पंडित प्रदीप मिश्रा की श्री शिव महापुराण कथा को लेकर भीलवाड़ा अब 'शिवमय' हो चुका है। महंत बाबूगिरी महाराज के सानिध्य और विधायक अशोक कोठारी के नेतृत्व में आयोजन समिति दिन-रात तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है।

युद्ध के संकट के बीच 'देसी' समाधान: चूल्हों पर पकेगा 40 हजार भक्तों का प्रसाद

कथा में आने वाले बाहरी श्रद्धालुओं के लिए भोजन व्यवस्था एक बड़ी चुनौती है। वैश्विक स्तर पर अमरीका-इरान युद्ध के कारण पैदा हुए एलपीजी संकट को देखते हुए समिति ने अनूठा रास्ता निकाला है। पन्नाधाय सर्किल के पास ईंट-मिट्टी की 12 विशाल भट्टियां तैयार की गई हैं, जहां लकड़ी के ईंधन पर 70 हलवाइयों की टीम शुद्ध सात्विक भोजन तैयार करेगी। प्रतिदिन सुबह-शाम 20-20 हजार श्रद्धालुओं के भोजन की जिम्मेदारी 250 सेवादारों ने संभाली है।

साढ़े चार लाख वर्ग फीट में 'वाटरप्रूफ' डोम, गर्मी से राहत देंगे कूलर-पंखे

आजाद नगर मेडिसिटी ग्राउंड पर भक्तों के बैठने के लिए साढ़े चार लाख वर्ग फीट में भव्य पांडाल खड़ा किया गया है। तीन विशालकाय वाटरप्रूफ डोम का निर्माण अंतिम चरण में है। अप्रैल की तपती गर्मी से बचाने के लिए पूरे पांडाल में कूलर और पंखों का जाल बिछाया गया है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी बाधा के भक्ति रस में डूब सकें।

विधायक और आमजन ने खुद उठाई झाड़ू, श्रमदान से चमक उठा कथा स्थल

सेवा का जज्बा ऐसा कि स्वयं विधायक अशोक कोठारी और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कथा स्थल की सफाई का जिम्मा उठाया। शुक्रवार सुबह सवा सात बजे से शुरू हुए श्रमदान में युवाओं से लेकर बुजुर्गों और मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महंत बाबूगिरी महाराज ने इस सेवा भाव की सराहना करते हुए इसे धर्म का असली स्वरूप बताया। शनिवार सुबह भी सफाई का यह विशेष अभियान जारी रहेगा।

Tags:    

Similar News