751 किलो लाल मिर्च की आहुतियों से गूंजेगा मसानिया भैरवनाथ मंदिर

Update: 2026-04-03 12:10 GMT

भीलवाड़ा । शत्रुओं पर विजय और बाधाओं के निवारण की अधिष्ठात्री देवी माँ बगलामुखी को प्रसन्न करने के लिए वस्त्रनगरी भीलवाड़ा में इस वर्ष भी एक दुर्लभ और अलौकिक अनुष्ठान होने जा रहा है। शहर के पंचमुखी मोक्षधाम स्थित श्री मसानिया भैरवनाथ मंदिर परिसर में आगामी रविवार, 5 अप्रैल को मध्यरात्रि में 751 किलो लाल मिर्च से महायज्ञ किया जाएगा।

मंदिर समिति के अध्यक्ष रवि कुमार सोलंकी ने जानकारी देते हुए बताया कि यहाँ पिछले वर्ष 551 किलो मिर्च का सफल यज्ञ संपन्न हुआ था, जिसके बाद इस वर्ष श्रद्धालुओं के उत्साह को देखते हुए मात्रा बढ़ाई गई है। तंत्र शास्त्र और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माँ बगलामुखी की विशेष आराधना में लाल मिर्च का उपयोग अत्यंत फलदायी माना जाता है।

मंदिर के पुजारी संतोष खटीक ने अनुष्ठान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धधकती अग्नि में लाल मिर्च की आहुति देने से नकारात्मक ऊर्जा का तत्काल नाश होता है। यह अनुष्ठान विशेष रूप से शत्रु विजय, न्यायालयी प्रकरणों में सफलता और जीवन की गंभीर बाधाओं को दूर करने के संकल्प के साथ किया जा रहा है। आयोजन की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। मंदिर समिति ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे रविवार मध्यरात्रि को होने वाले इस दिव्य अनुष्ठान के साक्षी बनें और धर्म लाभ उठाएं।

Tags:    

Similar News