शास्त्री नगर में गणगौर पर्व का भव्य उद्यापन: 26 महिलाओं ने ली अखंड सौभाग्य की कामना, 500 महिलाओं को कराया भोज

By :  vijay
Update: 2026-03-21 14:58 GMT

भीलवाड़ा। शास्त्री नगर माहेश्वरी युवा संगठन के तत्वावधान में शनिवार को शास्त्री नगर स्थित माहेश्वरी भवन में गणगौर पर्व का उद्यापन बड़े ही श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस मांगलिक अवसर पर समाज की महिलाओं ने सामूहिक रूप से मां गणगौर और ईसर जी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सुहाग की कामना की।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए नेहा पोरवाल और आशा काबरा ने बताया कि चैत्र नवरात्र की तृतीया के पावन अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में 26 महिलाओं ने गणगौर का उद्यापन किया। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा और सोलह श्रृंगार में सजी महिलाओं ने सामूहिक रूप से गणगौर की कहानी सुनी, गीत गाए और उत्साहपूर्वक नृत्य किया। उद्यापन के उपलक्ष्य में लगभग 500 महिलाओं को स्नेह भोज कराया गया तथा सुहाग की प्रतीक 'सुहाग पिटारी' और गणगौर के झाले वितरित किए गए।

उल्लेखनीय है कि राजस्थानी संस्कृति में गणगौर का पर्व पति की लंबी आयु और सुखद वैवाहिक जीवन के लिए विशेष महत्व रखता है। शास्त्रोक्त परंपरा अनुसार परिवार की नई बहू या बेटी द्वारा इस व्रत का उद्यापन किया जाता है, जिसमें सुहागिनों को भोजन कराकर आशीर्वाद लिया जाता है।

इस भव्य आयोजन में माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष आदित्य मालीवाल, मंत्री अरुण बियानी, कोषाध्यक्ष राहुल पोरवाल सहित कार्यकारिणी सदस्य रौनक कोठारी, राहुल बियानी, अंकुर हेडा, सज्जन डाड, जगदीश सोनी, सुशील अजमेरा, अभिषेक उपस्थित रहे। वहीं महिला कार्यकारिणी से आशिता बिरला, वर्षा बियानी, नेहा झंवर, हीरा मालीवाल सहित बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं मौजूद थीं।

Similar News