लक्ष्मीनारायण मंदिर में 11 मार्च को मनेगा फागोत्सव; 2 क्विंटल फूलों से खेली जाएगी होली

Update: 2026-03-09 17:40 GMT



​भीलवाड़ा। शहर के भोपालगंज स्थित प्राचीन श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में आगामी शीतला सप्तमी के अवसर पर 11 मार्च, बुधवार को फागोत्सव का आयोजन बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ किया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट की ओर से उत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। ​मंदिर के ट्रस्टी ओम प्रकाश अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्षभी फागोत्सव का मुख्य आकर्षण भगवान के साथ खेली जाने वाली भव्य पुष्प होली होगी, जिसके लिए विशेष रूप से 2 क्विंटल गुलाब के फूलों का इंतजाम किया गया है। उत्सव के दौरान समूचा मंदिर परिसर गुलाल और फूलों की खुशबू से सराबोर रहेगा। ​अग्रवाल ने आगे बताया कि कार्यक्रम में भक्ति का रंग जमाने के लिए विभिन्न प्रसिद्ध भजन मंडलियों को आमंत्रित किया गया है, जो सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां देंगी। इसके साथ ही, युवाओं और श्रद्धालुओं के उत्साहवर्धन के लिए मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में आने वाले भक्तों के लिए प्रसाद की विभिन्न स्टालें लगाई जाएंगी, जहाँ निशुल्क प्रसादी का वितरण होगा। मंदिर ट्रस्ट ने सभी धर्मप्रेमियों से इस भव्य फागोत्सव में सपरिवार शामिल होने की अपील की है।

Similar News