राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर भीलवाड़ा में 'भागवत समरसता महोत्सव' की भव्य तैयारियां

Update: 2026-03-16 10:53 GMT

भीलवाड़ा । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भीलवाड़ा में 'भागवत समरसता महोत्सव' को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। 27 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित होने वाले इस आध्यात्मिक समागम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आयोजकों ने यातायात और प्रबंधन के अभूतपूर्व प्रबंध किए हैं।

श्रद्धालुओं के लिए बसों का महाजाल और विशेष ऑफर

आयोजन समिति ने माधव गौशाला परिसर (नौगांवा) स्थित कथा स्थल तक पहुँचने के लिए शहर व ग्रामीण क्षेत्रों के 24 प्रमुख स्थानों पर बसों की व्यवस्था की है। समिति ने एक विशेष घोषणा करते हुए कहा कि यदि किसी भी मोहल्ले या क्षेत्र से 50 यात्रियों की सूची ट्रस्ट को प्राप्त होती है, तो वहां के लिए अलग से बस सुविधा मुहैया कराई जाएगी। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्गों और महिलाओं को सीधे पांडाल तक पहुँचने में सुगमता होगी।

ई-रिक्शा दस्ता संभालेगा अंतिम मील की दूरी

भीड़ नियंत्रण और सुगम आवाजाही के लिए विशेष ई-रिक्शा दस्ता तैनात किया गया है। पुर क्षेत्र के लिए विशेष रूप से 20 ई-रिक्शा संचालित होंगे। इसके अलावा, निजी वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग स्थल से मुख्य पांडाल तक की दूरी तय करने हेतु 10 ई-रिक्शा निरंतर सेवा में रहेंगे, ताकि दिव्यांगों और वृद्धों को पैदल न चलना पड़े।

भव्य कलश यात्रा से होगा महोत्सव का श्रीगणेश

महोत्सव का शुभारंभ 27 मार्च को सुबह 11:00 बजे नौगांवा के चारभुजा नाथ मंदिर से निकलने वाली भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। इस यात्रा में 500 महिलाएं एक ही वेशभूषा में मंगल कलश धारण कर चलेंगी। हाथी-घोड़ों और बग्गी में सवार गोवत्स राधाकृष्ण जी महाराज के साथ कार्यकर्ता पारंपरिक धोती-कुर्ता पहनकर समरसता का संदेश देंगे।

सुभाष बाहेती, अलका जोशी और मंजू तंबोली की टीम ट्रांसपोर्ट एवं पांडाल व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रही है। प्रतिदिन दोपहर 1 से 5 बजे तक होने वाली कथा से पूर्व पंडित रमाकांत शर्मा के सानिध्य में यज्ञ-अनुष्ठान संपन्न होंगे। कथा के दौरान विभिन्न समाजों के गणमान्य नागरिकों द्वारा व्यासपीठ की आरती व पूजा-अर्चना की जाएगी।

Similar News