गुरु नानकदेव महाराज के 556वें प्रकाश पर्व पर हुए गुरुबाणी कीर्तन और धार्मिक आयोजन

Update: 2025-11-05 08:51 GMT

भीलवाड़ा। सिंधुनगर स्थित गुरुद्वारा में आज गुरु नानकदेव महाराज के 556वें प्रकाश पर्व पर पंजाब से आए जत्थे द्वारा गुरुबाणी कीर्तन किया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में विविध धार्मिक आयोजन पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव से संपन्न हो रहे हैं।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सचिव ऋषिपाल सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब में अखंड पाठ साहिब की आरंभता की गई। गुरुपर्व की तैयारियों के लिए संगत द्वारा सेवा की गई, जिसमें महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। खुले पांडाल सजाए गए हैं तथा भवन और परिसर को रोशनी से आकर्षक रूप से सजाया गया है।

प्रकाश पर्व का शुभारंभ सुबह 5.30 बजे कीर्तन दीवान से हुआ। इसके साथ ही लंगर तैयार करने की सेवा भी लगातार जारी रही। दरबार साहिब में सुबह 8.30 बजे श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के उपरांत सामूहिक अरदास की गई और अल्पाहार की सेवा की गई।

इसके बाद सुबह 10 बजे दूसरे दीवान की शुरुआत हुई, जिसमें ज्ञानी करनैल सिंह, सुखबीर सिंह और बाहर से आए रागी जत्थों ने संगत को कीर्तन से निहाल किया। दोपहर 1.30 बजे सामूहिक अरदास के बाद गुरु का लंगर वितरित किया गया।

शाम 7.30 बजे से रात 9.30 बजे तक विशेष कीर्तन दीवान का आयोजन होगा। ऋषिपाल सिंह ने बताया कि पूरे दिन श्रद्धालु बड़ी संख्या में गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर दर्शन लाभ ले रहे हैं तथा सर्व समाज के लिए गुरु के लंगर की सेवा निरंतर जारी है।

Similar News