सवाईपुर क्षेत्र में झमाझम बरसात के साथ गिरे ओल, अफीम व सरसों की फसल में नुकसान
सवाईपुर ( सांवर वैष्णव ):- सवाईपुर कस्बे सहित सोपुरा जाटों का, सालरिया, ढ़ेलाणा, बड़ला, बनकाखेड़ा, चावंडिया, ककरोलिया माफी, रेड़वास, जित्यास, नोहरा, कालिरडिया, कुड़ी, बोरखेड़ा, बोर्डियास, खजीना, कांदा आदि कई गांवों में मौसम का मिजाज बदला और क्षेत्र में तेज अंधड़ के झमाझम बारिश का दौर चला, इस दौरान कुछ देर तक छोटे बेर के आकार के ओले भी गिरे । क्षेत्र में मंगलवार मध्य रात्रि को बारिश हुई, वहीं बुधवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहे । शाम को क्षेत्र में करीब पांच बजे बाद मौसम का मिजाज अचानक बदला और आसमान में काली घटाएं छा गई, शाम छः बजे मेघ गर्जना व आकाशीय बिजली की चमक के साथ तेज अंधड़ व झमाझम बारिश के साथ ही कुछ देर तक छोटे बेर के आकार के ओले गिरे, तेज अंधड के चलने के साथ क्षेत्र में बिजली बंद हो गई, क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश के चलते धरतीपुत्र किसान काफी मायूस हो गए, क्योंकि इस समय क्षेत्र में आगे की सरसों की फसल की कटाई की जा रही है जिसमें इस बारिश से नुकसान होगा । सवाईपुर के हरिश चंद जाट व विष्णु जाट ने बताया की क्षेत्र में काले सोने के नाम से विख्यात अफीम की फसल को काफी नुकसान हुआ, क्योंकि इस बारिश से जिन किसानों ने आज दोपहर बाद अफीम के डोडे पर चीरा लगाया उन डोडो से दूध बारिश के साथ बह गया, वहीं तेज हवा और बारिश के चलते अफीम की फसल खेतों में आड़ी तिरछी गिर गई । जिसे लेकर किसान काफी चिंतित हैं, किसानों ने सरकार से बारिश व ओले गिरने से खराब हुई फसलों का आकलन करवाकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की ।।