मंगरोप में अचानक मौसम बदला, जोरदार ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान

Update: 2026-02-18 13:51 GMT


भीलवाड़ा जिले के मंगरोप क्षेत्र में मंगलवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ जोरदार ओलावृष्टि शुरू हो गई। कुछ ही देर में खेतों में ओलों की सफेद चादर बिछ गई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई।

अचानक आई बारिश और ओलावृष्टि के कारण खेतों में कटी हुई फसलें पूरी तरह भीग गईं और कई जगहों पर खराब हो गईं। किसानों का कहना है कि कटाई के बाद खेतों में रखी उपज को भारी नुकसान पहुंचा है। खासकर गेहूं और चने की फसल प्रभावित हुई है।

ओलों की मार से खड़ी फसलें भी झुक गईं और कई स्थानों पर दाने झड़ने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार करीब दो से तीन घंटे तक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही, जिससे लोगों को अंधेरे में परेशानी का सामना करना पड़ा।

किसानों ने प्रशासन से फसल नुकसान का सर्वे करवाकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। अचानक बदले मौसम ने एक बार फिर किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है।

Similar News