हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी)
कस्बे में शीतला सप्तमी के अवसर पर बुधवार को होली का पर्व बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही कस्बे की गलियों और मोहल्लों में रंग-गुलाल की धूम देखने को मिली। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की खुशियां मनाते नजर आए। पूरे कस्बे में दिनभर उत्सव का माहौल बना रहा और लोग ढोल-नगाड़ों व डी जे पर होली गीतों के साथ त्योहार का आनंद लेते दिखाई दिए।
इस अवसर पर लोगों ने परंपरागत तरीके से रामा-शामा की रस्म निभाई। कस्बेवासी एक-दूसरे के घर जाकर गले मिले और होली की बधाई दी। कई स्थानों पर लोगों ने मेहमानों का मिठाई, नमकीन और ठंडाई से स्वागत किया। होली के इस रंगारंग माहौल में आपसी भाईचारा और सौहार्द्र की झलक साफ दिखाई दी।
महिलाओं ने भी समूह बनाकर पारंपरिक होली गीत गाए और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर त्योहार की खुशियां मनाईं। बच्चों ने रंग-पिचकारी से जमकर मस्ती की और एक-दूसरे पर रंग बरसाते नजर आए। कस्बे के कवि नगर, सदर बाजार, होली चौक, खटीक मोहल्ला, भीलवाड़ा दरवाजा आदि क्षेत्र के युवाओं ने भी मित्रों के साथ टोली बनाकर पूरे कस्बे में घूमते हुए होली का आनंद लिया। कस्बे के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। लोगों ने मंदिरों में जाकर भगवान के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की। कई जगहों पर भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
शीतला सप्तमी के इस पावन अवसर पर कस्बे में प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव का अनोखा संदेश देखने को मिला। लोगों ने आपसी मनमुटाव भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाया और खुशियों के रंग में सराबोर होकर त्योहार मनाया। दिनभर कस्बे में होली के गीत, हंसी-मजाक और रंग-गुलाल की धूम रही, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय बना रहा।