कारोई में बड़ा हादसा टला: स्कूल बाउंड्री के पास लगी भीषण आग, ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाकर पाया काबू

Update: 2026-03-11 14:21 GMT

कारोई (भीलवाड़ा)। कस्बे के बागोर चौराहा स्थित स्कूल बाउंड्री के पास आज अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें देख मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। गनीमत रही कि ग्रामीणों ने तुरंत तत्परता दिखाई और सामूहिक प्रयासों से समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

ग्रामीणों ने पेश की मानवता और एकता की मिसाल

बागोर चौराहा स्थित स्कूल के पास जैसे ही धुएं का गुबार और आग की लपटें दिखाई दीं, आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े। आग धीरे-धीरे विकराल रूप ले रही थी, लेकिन ग्रामीणों ने बिना डरे संसाधनों का जुगाड़ किया और कड़ी मशक्कत के बाद लपटों को शांत किया।

आग बुझाने में मुख्य रूप से प्रकाश सरगरा, लाला जी गुर्जर, चंदू जी तेली, शंकर योगी, लोकेश कुमावत और जगदीश जी कुमावत ने अदम्य साहस का परिचय दिया। इन युवाओं और ग्रामीणों ने मिलकर पानी और मिट्टी की सहायता से आग को स्कूल परिसर के अंदर फैलने से रोक लिया।

बड़ा नुकसान होने से बचा

बाउंड्री के पास सूखी घास और कचरा होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी। यदि समय पर ग्रामीण मौके पर नहीं पहुँचते, तो आग स्कूल की मुख्य इमारत या पास स्थित दुकानों तक पहुँच सकती थी। ग्रामीणों की इस जागरूकता और सामूहिक शक्ति की पूरे कस्बे में सराहना हो रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

Similar News