​भक्ति के रंग और फूलों की खुशबू में सराबोर हुआ लक्ष्मीनारायण मंदिर, 2 क्विंटल फूलों से खेली होली

Update: 2026-03-11 13:20 GMT



​भीलवाड़ा । शहर के ऐतिहासिक और आस्था के केंद्र, भोपालगंज स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में बुधवार को शीतला सप्तमी के पावन अवसर पर 'फागोत्सव' का आयोजन अत्यंत भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस उत्सव में श्रद्धा, उल्लास और भक्ति का ऐसा संगम देखने को मिला कि पूरा मंदिर परिसर ‘नंदगांव’ की तरह प्रतीत होने लगा। ​उत्सव का मुख्य आकर्षण भगवान लक्ष्मीनारायण के साथ खेली गई पुष्प होली रही। मंदिर ट्रस्टी ओम प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि इस विशेष आयोजन के लिए 2 क्विंटल ताजे गुलाब के फूलों का उपयोग किया गया। जैसे ही हवा में फूलों की पंखुड़ियां और गुलाल उड़ा, श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ भगवान के रंग में रंगना शुरू कर दिया।

​भजनों की स्वर लहरियों पर झूमे श्रद्धालु

​कार्यक्रम में आमंत्रित प्रसिद्ध भजन मंडलों ने एक से बढ़कर एक फाल्गुनी भजनों और राजस्थानी लोक गीतों की प्रस्तुतियां दीं। "होली खेल रहे बांके बिहारी..." और "आज बिरज में होरी रे रसिया..." जैसे भजनों पर महिला व पुरुष श्रद्धालु खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए।

​मटकी फोड़ और प्रसाद वितरण

​ मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने कार्यक्रम में रोमांच भर दिया। बड़ी संख्या में भक्तों ने इसमें हिस्सा लिया, जिसे देखने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। साथ ही, मंदिर ट्रस्ट द्वारा लगाई गई विभिन्न स्टालों के माध्यम से श्रद्धालुओं को निशुल्क प्रसादी का वितरण किया गया।

Similar News