संयुक्त निदेशक डॉ. जोधा ने जहाजपुर व माण्डलगढ़ अस्पतालों का किया निरीक्षण

Update: 2026-02-04 13:54 GMT


भीलवाड़ा, । चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संयुक्त निदेशक (जोन अजमेर) डॉ. सम्पत सिंह जोधा ने बुधवार को जहाजपुर और माण्डलगढ़ के उप जिला चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि डॉ. जोधा ने चिकित्सा वार्डों सहित अस्पताल की सभी विंग्स का अवलोकन कर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डॉ. जोधा ने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना की समीक्षा के दौरान क्लेम बुकिंग की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के तहत अधिकाधिक क्लेम बुक कर मरीजों को लाभान्वित किया जाए और आगामी माह से नियमित प्रगति रिपोर्ट जोन स्तर पर भेजी जाए। साथ ही निःशुल्क दवा एवं जाँच योजना का लाभ हर पात्र मरीज को समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जहाजपुर में विश्व कैंसर दिवस पर आयोजित स्क्रीनिंग एवं जागरूकता शिविर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान और नियमित जांच पर जोर दिया। इसके बाद माण्डलगढ़ अस्पताल में साफ-सफाई, स्टोर प्रबंधन और स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने स्टाफ को मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पीएमओ डॉ. नईम अख्तर, बीसीएमओ डॉ. भागीरथ मीणा सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे।


 भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: 

**समाचार:** प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

**विज्ञापन:** विजय गढवाल 6377364129

**संपर्क कार्यालय:** भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

 

Similar News