स्व. विजय जैन मेमोरियल दौड़ प्रतियोगिता 8 मार्च को आयोजित होगी

Update: 2026-02-28 06:16 GMT

भीलवाड़ा। विधायक खेल विकास योजना के अंतर्गत स्व. विजय जैन मेमोरियल दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन 8 मार्च रविवार को कन्या महाविद्यालय के खेल मैदान पर किया जाएगा। यह आयोजन भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी की प्रेरणा से किया जा रहा है।

प्रतियोगिता संयोजक अजीत जैन और दिनेश सोलंकी के अनुसार प्रतियोगिता में शहर के तीन से तेरह वर्ष तक के बालक-बालिकाएं भाग ले सकेंगे। ब्रिट्टी स्कूल, भीलवाड़ा द्वारा श्रेष्ठ 50 खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता का समय दोपहर 3 बजे से शाम 6:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।

प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1600 मीटर और 2000 मीटर दौड़ के इवेंट आयोजित होंगे। प्रत्येक खिलाड़ी के लिए अपनी क्षमता के अनुसार कम से कम तीन इवेंट में भाग लेना अनिवार्य होगा। सभी इवेंट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

खेल विकास योजना के संयोजक विवेक निमावत ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारी के लिए शहर के तीन मैदानों पर निःशुल्क अभ्यास शुरू कर दिया गया है। दौड़ प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का पंजीयन प्रतियोगिता स्थल पर ही हाथों-हाथ किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन भी किया जाएगा।

विधायक अशोक कुमार कोठारी ने अधिक से अधिक नन्हें बच्चों से इस प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है।

Tags:    

Similar News