भारत बंद के समर्थन में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव्स ने भरी हुंकार, रैली निकाल कर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

Update: 2026-02-12 09:06 GMT

भीलवाड़ा । संयुक्त श्रमिक मोर्चा के आह्वान पर आयोजित देशव्यापी हड़ताल और भारत बंद के समर्थन में आज भीलवाड़ा के मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव्स ने भी अपनी आवाज बुलंद की। राजस्थान मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव्स यूनियन के बैनर तले दवा प्रतिनिधियों ने विरोध प्रदर्शन कर अपनी मांगों को सरकार के समक्ष रखा।

सूचना केंद्र से रैली का आगाज गुरूवार प्रातः 9.30 बजे शहर के सूचना केंद्र पर आरएमएसआरयू के लगभग 50 सदस्य एकत्रित हुए, जहाँ से रैली का शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की श्श्रम विरोधीश् नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रैली के दौरान प्रमुख रूप से एसपीईए एक्ट 1976 को बहाल करने और नए लेबर कोड को वापस लेने की मांग गूंजती रही।

कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन और ज्ञापन यूनियन के राज्य प्रतिनिधि महावीर पाण्डे, कामरेड रामेश्वर जाट, कोषाध्यक्ष कपिल वर्मा एवं जिला इकाई अध्यक्ष कुलदीप सिंह के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्री पहुंचे। यहाँ कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया और जिला कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन प्रेषित किया।

प्रमुख मांगें - यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर स्पष्ट किया कि श्रमिक हितों की रक्षा के लिए निम्नलिखित कदम उठाना अनिवार्य है - (1) एसपीईए एक्ट 1976 को पूर्णतः बहाल किया जाए। (2) समस्त दवाईयों पर जीएसटी को 0 प्रतिशत किया जाए। (3) ठेकेदारी प्रथा और प्रस्तावित बिजली विधेयक को वापस लिया जाए। (4) चार नए श्रमिक कानूनों (लेबर कोड) को रद्द किया जाए।

इस प्रदर्शन के दौरान रूपेश कुमार, ललित दाधीच, सुनील शाह, गिरीराज मेघवाल, रितेश कुमार, कुन्दन सिंह, संदीप जैन, अनिस पठान सहित संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News