गेणोली में हरियाली का मेगा प्लान: मानसून में होगा 3 लाख पौधों का महा-रोपण

Update: 2026-04-02 10:31 GMT

आकोला (रमेश चंद्र डाड)। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में वन विभाग ने गेणोली क्षेत्र में एक बड़ा और महत्वाकांक्षी अभियान शुरू किया है। क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ विभाग की स्थानीय नर्सरी में करीब 3 लाख पौधे तैयार किए जा रहे हैं। इन पौधों को आगामी मानसून सत्र के दौरान विभिन्न चिन्हित स्थानों पर रोपित किया जाएगा। इस पहल को क्षेत्र के पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

नर्सरी में तैयार हो रही विविध किस्में

वन विभाग की नर्सरी में इस बार जैव-विविधता पर विशेष फोकस किया गया है। यहाँ न केवल छायादार, बल्कि फलदार और औषधीय पौधों की खेप भी तैयार की जा रही है। नर्सरी में मुख्य रूप से जामुन, अर्जुन, अमरूद, सीताफल, गुलमोहर, कचनार, अशोक, चंपा, खैर और देसी बबूल जैसे उपयोगी पौधे शामिल हैं। इसके साथ ही सौंदर्यकरण के लिए गुड़हल और गुलाब जैसे सजावटी फूलों के पौधे भी तैयार किए जा रहे हैं, ताकि आमजन को भी इनका भरपूर लाभ मिल सके।

सार्वजनिक स्थलों और खाली जमीनों पर भी होगा रोपण

विभाग की योजना के अनुसार, इन पौधों का रोपण केवल वन क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा। मानसून के दौरान इन्हें सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थलों और गांवों की खाली पड़ी जमीनों पर भी लगाया जाएगा। विभाग ने इसके लिए स्थानों के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है ताकि अधिकतम क्षेत्र में हरियाली विकसित की जा सके। वर्तमान में इन पौधों की देखरेख और तैयारी वनपाल प्रकाश शर्मा एवं नर्सरी इंचार्ज शंकर लाल बलाई की कुशल निगरानी में की जा रही है।

Tags:    

Similar News