विधायक कोठारी ने कलेक्टर संग किया नालों का निरीक्षण, मौके पर शुरू हुई सफाई
भीलवाड़ा । आगामी वर्षा ऋतु के दौरान शहर को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी एक्शन मोड में नजर आए। गुरुवार को विधायक कोठारी ने जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू और नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी के साथ शहर के प्रमुख नालों का सघन निरीक्षण किया।
गांधीसागर से सांगानेर नदी तक होगा मार्ग प्रशस्त
विधायक और प्रशासनिक अमले ने गांधीसागर से ट्रीटमेंट प्लांट होते हुए सांगानेर नदी तक जाने वाले मुख्य नाले का जायजा लिया। जल निकासी मार्ग में लंबे समय से जमा अवरोधों और गंदगी को देखते हुए विधायक ने नाराजगी जताई। उनके निर्देश पर निगम अधिकारियों ने तुरंत सक्रियता दिखाई और मौके पर ही जेसीबी मशीनें लगाकर नाले की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ करवा दिया गया।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा
निरीक्षण के दौरान टीम ने सांगानेर गेट नाला, जैन ज्योति नगर नाला और मोती बावजी के समीप स्थित नालों की स्थिति भी देखी। विधायक कोठारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून के आगमन से पहले सभी नालों की मरम्मत और सफाई का कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि समय रहते पुख्ता इंतजाम होने से ही शहरवासियों को जलभराव और गंदगी की समस्या से बचाया जा सकेगा।
कलेक्टर ने दिए स्थाई समाधान के निर्देश
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि केवल तात्कालिक सफाई ही नहीं, बल्कि जल निकासी के लिए स्थाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जहां भी अतिक्रमण या अन्य कारणों से बहाव बाधित है, उसे तुरंत प्रभाव से हटाया जाए। निरीक्षण के दौरान एडवोकेट अर्पित कोठारी, गजेंद्र सिंह राठौड़, संजय राठी, मनोज भारद्वाज और राहुल नायक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।