गांधीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध पिस्टल के साथ उत्तर प्रदेश का युवक गिरफ्तार

Update: 2026-04-02 11:29 GMT

भीलवाड़ा । शहर की गांधीनगर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाकाबंदी और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध पिस्टल के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

अहिंसा बंगलो के पास पुलिस की दबिश

गांधीनगर थाना प्रभारी (आरपीएस) नेहा राव ने बताया कि पुलिस को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि अहिंसा बंगलो के सामने 80 फीट रोड पर एक संदिग्ध युवक हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

तलाशी में मिली अनलोडेड पिस्टल

पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम शिवा बताया। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसकी जींस की पैंट में बाईं ओर कमर के पास एक पिस्टल खुसी हुई मिली। जांच करने पर पिस्टल अनलोडेड पाई गई, हालांकि उसमें मैगजीन लगी हुई थी। पुलिस द्वारा हथियार के वैध लाइसेंस के बारे में पूछने पर वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

आरोपी की पहचान और जांच

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवकुमार (22) पुत्र ओमप्रकाश भदोरिया, निवासी हरदोई (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी आजाद नगर, भीलवाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह यह हथियार कहां से लाया था और इसका उपयोग किस वारदात में किया जाना था।

कार्रवाई करने वाली टीम

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी नेहा राव के साथ एएसआई सुनील, हेड कांस्टेबल भगवानदास और कांस्टेबल बलवीर शामिल रहे।

Tags:    

Similar News