आसीं में महिला सुरक्षा एवं विधिक अधिकारों पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित
आसींद ( हलचल)। राजस्थान सरकार के महिला अधिकारिता निदेशालय और महिला अधिकारिता विभाग के सहयोग से आसींद में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पायलट आदर्श जीवन लोक उत्थान समिति चूल्हेरा (डीग) के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके विधिक अधिकारों के प्रति सजग बनाना था।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में विधिक परामर्शदाता अनिता साहू ने महिलाओं को कानून सम्मत अधिकारों और उनके हितों की रक्षा के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने आसींद पुलिस थाना परिसर में संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। साहू ने बताया कि यह केंद्र महिलाओं को कानूनी उलझनों और लंबी प्रक्रियाओं से बचाकर त्वरित, सुलभ और निशुल्क न्याय दिलाने में सेतु का कार्य करता है।
सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार और योजनाओं की जानकारी
सत्र के दौरान बाल विवाह और नाता प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन पर चर्चा की गई। महिलाओं को आपातकालीन स्थिति में 1091 हेल्पलाइन नंबर के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, ब्लॉक सुपरवाइजर हेमलता मौर्य ने सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं जैसे 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' और 'लाडो प्रोत्साहन' योजना के लाभ समझाए। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहयोगिनी, सहायिका और ग्राम साथिनों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।