भीलवाड़ा को रोडवेज की सौगात: चिलचिलाती गर्मी में 4 एसी सहित 8 नई बसों का संचालन शुरू

Update: 2026-04-02 11:55 GMT

भीलवाड़ा। टेक्सटाइल सिटी के बाशिंदों के लिए भीषण गर्मी के बीच राहत भरी खबर है। भीलवाड़ा रोडवेज आगार ने यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए अपने बेड़े में शामिल हुई 8 नई बसों को विभिन्न रूटों पर उतार दिया है। इन बसों के सड़क पर उतरने से न केवल यात्रियों का सफर आरामदायक होगा, बल्कि लंबी दूरी की यात्रा भी सुगम हो जाएगी।

खास बात यह है कि इन 8 बसों में 4 लग्जरी एसी बसें भी शामिल हैं, जो चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों के बीच यात्रियों को ठंडी और सुखद यात्रा का अहसास कराएंगी। रोडवेज प्रबंधन ने यात्रियों की भारी आवक और रूटों की मांग को देखते हुए इन बसों का विस्तृत रूट चार्ट निर्धारित किया है।

नई बसों के संचालन के साथ ही अब भीलवाड़ा का दिल्ली, जयपुर, उदयपुर, बाड़मेर और नागौर जैसे महत्वपूर्ण शहरों से सीधा संपर्क स्थापित हो गया है। लंबी दूरी का सफर तय करने वाले यात्रियों को अब निजी बसों के मनमाने किराए और असुविधाजनक यात्रा से निजात मिल सकेगी।

रोडवेज प्रबंधन के अनुसार, इन सभी नई बसों को एक अप्रैल से निर्धारित रूटों के लिए रवाना कर दिया गया है। सरकारी बसों की संख्या बढ़ने से न केवल राजस्व में वृद्धि की उम्मीद है, बल्कि आम जनता को सुरक्षित और किफायती परिवहन सेवा भी उपलब्ध होगी।

Tags:    

Similar News