विधानसभा में गूंजी आसींद की आवाज:: विधायक सांखला ने उठवाया किसानों के मुआवजे का मुद्दा, भाजपा के विकास कार्यों को सराहा
आसींद (मंजूर)। 16वीं विधानसभा सत्र के दौरान आसींद विधायक जब्बर सिंह सांखला ने ऊर्जा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा करते हुए अपने क्षेत्र की उपलब्धियों और ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से सदन के पटल पर रखा। भाजपा नगर अध्यक्ष अनिल सिंह तंवर ने बताया कि विधायक ने सरकार द्वारा किए गए जनहितैषी कार्यों का ब्योरा देते हुए विपक्ष को विकास के मुद्दे पर घेरा।
किसानों को मिले उचित मुआवजा: आगूचा माइंस प्रोजेक्ट पर जताई चिंता
विधायक सांखला ने सदन का ध्यान आगूचा माइंस में आ रहे एक नवीन प्रोजेक्ट की ओर आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि रायला से आगूचा तक बिजली की नवीन लाइन बिछाई जा रही है, जिसके लिए किसानों की जमीनों में लोहे के बड़े टावर खड़े किए जा रहे हैं। उन्होंने पुरजोर मांग उठाई कि बिना मुआवजा दिए किसानों की जमीन से लाइन निकालने की प्रक्रिया को तुरंत रोका जाए और प्रभावित किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलवाया जाए।
खाद्य सुरक्षा और बिजली आपूर्ति में सुधार का दावा
विधायक ने बताया कि वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल में आसींद विधानसभा क्षेत्र में 50 हजार से अधिक नए नाम खाद्य सुरक्षा सूची में जोड़े गए हैं, साथ ही आमजन की सुविधा के लिए 30 से अधिक उचित मूल्य की नई दुकानें खोली गई हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने 5 साल तक बिजली के नाम पर जनता को केवल बरगलाया। 24 घंटे का वादा कर मात्र 6-7 घंटे बिजली दी जाती थी, जबकि वर्तमान सरकार में किसानों और आमजन को पर्याप्त बिजली मिल रही है।
2 वर्ष बनाम 5 वर्ष की चर्चा की चुनौती
सांखला ने सदन में भाजपा सरकार के 2 वर्षों के विकास कार्यों और कांग्रेस के 5 सालों के कार्यों का तुलनात्मक ब्योरा रखा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने मात्र 2 वर्ष में कांग्रेस के 5 साल से कहीं अधिक कार्य करवाए हैं। उन्होंने विपक्ष को '2 वर्ष बनाम 5 वर्ष' के विकास मॉडल पर चर्चा करने की चुनौती दी, लेकिन आरोप लगाया कि विपक्ष इस विषय पर चर्चा से भाग रहा है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
