हमीरगढ़ में बाबा रामदेव जी मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा व शिखर कलश स्थापना महोत्सव 20 मार्च को
हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी) कस्बे में भीलवाड़ा दरवाजा रेगर मोहल्ला स्थित बाबा रामदेव जी मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं शिखर कलश स्थापना महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत 16 मार्च से धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत होगी, जबकि 20 मार्च को प्राण प्रतिष्ठा एवं कलश स्थापना का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार 16 मार्च सोमवार को प्रातः 9 बजे विनायक स्थापना के साथ हवन, पाठ और पूजा का शुभारंभ होगा। इसके बाद 19 मार्च गुरुवार को रात्रि 9:15 बजे सत्संग एवं भव्य रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य कार्यक्रम 20 मार्च शुक्रवार को अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12:15 बजे मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं शिखर कलश स्थापना के साथ सम्पन्न होगा। इससे पूर्व उसी दिन सुबह 7:15 बजे मंदिर प्रांगण से विशाल कलश एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम में विभिन्न संत महात्माओं का सान्निध्य प्राप्त होगा, जिनमें संत 108 भागीरथ महाराज (आसींद), संत 108 नारायणराम महाराज (नरवर, अजमेर), संत 108 सायब हंसराज महाराज (पोटला), संत 108 लादूराम महाराज (उदलपुरा) तथा संत 108 सायब मांगीलाल जी महाराज (राजनगर) शामिल रहेंगे। आचार्य के रूप में जोधपुर के आचार्य धानाराम पुराण शास्त्री अनुष्ठानों का संचालन करेंगे। कार्यक्रम के उपलक्ष्य में 20 मार्च को प्रातः 10 बजे से नरसिंह वाटिका, रेलवे स्टेशन रोड, हमीरगढ़ में महाप्रसादी का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजनकर्ता समस्त रेगर समाज, हमीरगढ़ द्वारा सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में सपरिवार उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की गई है।