हमीरगढ़ में महिलाओं ने व्रत रखकर दशामाता का किया पूजन

Update: 2026-03-13 11:09 GMT

हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी) |कस्बे के कवि नगर, रेलवे स्टेशन,घाटी मोहल्ला,सब्जी मंडी,सहित विभिन्न इलाकों में शुक्रवार को दशामाता व्रत के अवसर पर महिलाओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ व्रत रखकर दशामाता का विधि-विधान से पूजन किया। सुबह से ही घरों और मंदिरों में पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर पूजन स्थल पर पहुंचीं तथा दशामाता की कथा सुनकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजन के दौरान महिलाओं ने धागा पूजन, जल अर्पण एवं प्रसाद वितरण किया। इस अवसर पर समूह में भजन-कीर्तन भी किए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। व्रतधारी महिला रामकन्या कुमावत ने बताया कि “दशामाता का व्रत रखने से घर-परिवार में सुख-शांति बनी रहती है तथा संतान की रक्षा होती है। हम हर वर्ष पूरे श्रद्धाभाव से यह व्रत करते हैं।" इस मौके पर विभिन्न मंदिरो को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही। शाम को पूजा सम्पन्न होने के बाद एक-दूसरे को व्रत की शुभकामनाएं देकर और प्रसाद ग्रहण किया जायेगा । कस्बे में यह पर्व पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस दौरान कथा गायक रामकन्या कुमावत, शांता देवी, भंवरी देवी, दुर्गा सोनी,कल्पना शर्मा, कमलेश बड़वा आदि मौजूद रही l

Similar News