भक्ति के रंग में रंगेगा नौगांवा: सांवरिया सेठ को लगेगा छप्पन भोग, फाग की मची धूम
भीलवाड़ा। शहर के समीपवर्ती नौगांवा स्थित माधव गौशाला परिसर में रविवार को आस्था और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। श्री सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित होने वाले 'फाग महोत्सव' को लेकर समूचे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। फाल्गुन की मस्ती और ठाकुर जी के प्रति अटूट श्रद्धा के बीच आयोजित होने वाले इस उत्सव की तैयारियां परवान पर हैं।
ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि रविवार सुबह 10 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान सांवरिया सेठ का विशेष दुग्धाभिषेक एवं पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात ठाकुर जी का नयनाभिराम श्रृंगार होगा, जिसे मंदिर के पुजारी दीपक आनंद पाराशर द्वारा अंतिम रूप दिया जा रहा है।
छप्पन भोग और महाआरती का आकर्षण
महोत्सव के दौरान सांवरिया सेठ को विभिन्न व्यंजनों का छप्पन भोग अर्पण किया जाएगा। श्रद्धा और समर्पण के इस उत्सव में जब भक्त और भगवान एक साथ फाग के रंगों में सराबोर होंगे, तो समूचा वातावरण 'सांवरिया सेठ' के जयकारों से गुंजायमान हो उठेगा। महाआरती के पश्चात सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया जाएगा। मंदिर प्रशासन का कहना है कि फाग महोत्सव को लेकर गौशाला परिसर में विशेष सजावट की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को एक दिव्य और भव्य वातावरण की अनुभूति हो सके।