जयपुर में आरकेसीएल की 16वीं राज्य स्तरीय वार्षिक बैठक आयोजित, भीलवाड़ा के अभिषेक लोहिया सम्मानित
भीलवाड़ा। राजस्थान सरकार द्वारा संचालित राजस्थान नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड, जयपुर की ओर से जयपुर स्थित Holiday Inn Jaipur में राज्य के सभी सर्विस प्रोवाइडर्स, तकनीकी टीम और मार्केटिंग टीम की 16वीं राज्य स्तरीय वार्षिक मीटिंग एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग के प्रबंध निदेशक रवींद्र शुक्ला ने की।
राजस्थान नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड की स्थापना 12 जनवरी 2009 को प्रदेश में कंप्यूटर साक्षरता बढ़ाने के उद्देश्य से की गई थी। विगत 17 वर्षों में राजस्थान सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 85 लाख से अधिक विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा प्रदान कर संस्था ने राज्य की सबसे बड़ी आईटी ट्रेनिंग कंपनी होने का रिकॉर्ड बनाया है।
प्रबंध निदेशक रवींद्र शुक्ला ने बताया कि इस वर्ष राजस्थान सरकार के बजट में डिजिटल क्रांति और एआई युग की महत्ता को देखते हुए राजस्थान नॉलेज कॉरपोरेशन के माध्यम से प्रदेश में 10 हजार से अधिक युवाओं को निःशुल्क एआई प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बैठक में पूरे वर्ष की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी योजनाओं एवं उनके सफल क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए सर्विस प्रोवाइडर्स एवं ज्ञान केंद्रों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के पश्चात वर्षभर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सर्विस प्रोवाइडर्स को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में भीलवाड़ा जिले के सर्विस प्रोवाइडर अग्रवाल एजुकेशन के निदेशक अभिषेक लोहिया को वर्षभर के उत्कृष्ट कार्यों के लिए संपूर्ण राजस्थान में सर्वश्रेष्ठ सेवा प्रदाता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
अभिषेक लोहिया ने कहा कि राज्य स्तर पर पुरस्कार प्राप्त करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय जिले के सभी ज्ञान केंद्रों को दिया, जिन्होंने हर कदम पर साथ देते हुए जिले में कंप्यूटर साक्षरता को बढ़ावा दिया और राज्य स्तर पर भीलवाड़ा का नाम रोशन किया।
