रतनपुरा-हंसेड़ा क्षेत्र में नई सड़कें 10 दिन में उखड़ी, ग्रामीणों में रोष

Update: 2026-02-19 08:20 GMT

भीलवाड़ा । जिले की तहसील जहाजपुर अंतर्गत गांव रतनपुरा, पंचायत मनोहरपुरा एवं नवगठित पंचायत हंसेड़ा क्षेत्र में सड़कों की हालत बेहद खराब हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां हाल ही में बनाई गई सड़कें मात्र 10 दिन में ही टूटकर बिखर गईं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण में घटिया सामग्री और लापरवाही के चलते सड़क जगह-जगह से उखड़ गई है। इससे गांव के लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों और किसानों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, क्योंकि सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाता है और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। लोगों का आरोप है कि वर्षों से यही स्थिति बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारी कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि विकास कार्यों के नाम पर केवल कागजी खानापूर्ति की जा रही है, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति बेहद खराब है।

अब ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी ठेकेदार व जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्र में मजबूत और टिकाऊ सड़क निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।

Tags:    

Similar News

पुर में माली समाज का चौथा सामूहिक विवाह सम्मेलन:: फुलेरा दूज पर 21 जोड़े बनेंगे हमसफर