बलाई समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन 21 फरवरी को, छात्रावास का होगा लोकार्पण

Update: 2026-02-19 09:02 GMT

भीलवाड़ा। बलाई समाज नवयुवक मंडल सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले छात्रावास उद्घाटन, तुलसी विवाह एवं सामूहिक विवाह सम्मेलन को लेकर गुरुवार को शहर के एक निजी होटल में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में समिति पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य एवं तैयारियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन समाज की एकता, सहयोग और सामाजिक समरसता का प्रतीक बनेगा।

बलाई समाज नवयुवक मंडल सेवा समिति की संरक्षक सुशीला सालवी व अध्यक्ष भंवरलाल बलाई एंव विवाह सम्मेलन समिति अध्यक्ष मिश्री लाल बलाई ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन 21 फरवरी 2026, शनिवार को धुलखेड़ा रोड स्थित बलाई समाज छात्रावास, जोधड़ास (भीलवाड़ा) में किया जाएगा। इससे पूर्व 20 फरवरी 2026 को शाम 8 बजे से रात्रि जागरण एवं भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि 21 फरवरी को तुलसी विवाह एवं सामूहिक विवाह सम्मेलन का मुख्य आयोजन होगा, जिसमें कई जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों के साथ परिणय सूत्र में बंधेंगे। इसके साथ ही प्रातः 11 बजे से प्रतिभोज का आयोजन रखा गया है, जिसमें समाज के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। इसी दिन समाज के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में नव निर्मित छात्रावास भवन का विधिवत उद्घाटन भी किया जाएगा, जिससे समाज के विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि भीलवाड़ा जिले में इस प्रकार का यह पहला भव्य आयोजन है, जिसका उद्देश्य सामाजिक एकता को मजबूत करना, विवाह जैसे संस्कार को सरल एवं सुलभ बनाना तथा समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग प्रदान करना है। सामूहिक विवाह सम्मेलन से अनावश्यक खर्चों पर रोक लगेगी और समाज में समानता एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा मिलेगा।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और समाज के लोगों में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह है। आयोजन स्थल को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है तथा अतिथियों के स्वागत के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

प्रेस वार्ता में उपाध्यक्ष छोटूलाल बलाई, सचिव रामेश्वर लाल बलाई, कोषाध्यक्ष नारायणलाल बलाई, महामंत्री लादूलाल साल्वी, प्रवक्ता प्रकाश मेघवंशी, सम्मेलन प्रभारी रामदेव बलाई, शहर अध्यक्ष चेतन सालवी, शहर उपाध्यक्ष राजेश मेघवंशी, महिला जिलाध्यक्ष एडवोकेट आशा मेघवंशी, हीरालाल मेघवंशी, रतन कटारिया, दौलत व जगदीश मौजूद थे।

Tags:    

Similar News

पुर में माली समाज का चौथा सामूहिक विवाह सम्मेलन:: फुलेरा दूज पर 21 जोड़े बनेंगे हमसफर