परिवहन विभाग में अब पूरी तरह कैश बंद, चालान व अन्य राशि सिर्फ ऑनलाइन

Update: 2025-09-11 09:43 GMT

भीलवाड़ा। परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग में आज से नकद लेन-देन की व्यवस्था पूरी तरह समाप्त कर दी गई है। अब विभाग से जुड़ी सभी प्रकार की राशि केवल ''ऑनलाइन माध्यम'' से ही जमा होगी। शासन सचिव एवं विभाग की आयुक्त शुचि त्यागी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं, जो आज से प्रभावी हो गए हैं।

इस निर्णय के तहत अब चालान कंपाउंड राशि भी नकद में नहीं ली जाएगी। अभी तक परिवहन निरीक्षकों के पास चालान की कंपाउंड राशि नकद जमा होती थी, लेकिन अब यह केवल ऑनलाइन ही स्वीकार की जाएगी। आदेश के अनुसार, परिवहन निरीक्षक और उप निरीक्षक अब कैश नहीं रख सकेंगे।

भ्रष्टाचार पर लगेगा अंकुश

गौरतलब है कि पूर्व में जब भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीमें अचानक निरीक्षण करती थीं, तो दस्ते के पास मौजूद नकद राशि को चालान की बताकर स्थिति को संभाल लिया जाता था। लेकिन अब कैश पर पूरी तरह रोक लगने के बाद यदि एसीबी को किसी निरीक्षण के दौरान नकद राशि मिलती है, तो संबंधित अधिकारी को इसका स्पष्ट जवाब देना होगा।

जिला अधिकारियों को निर्देश

शासन सचिव शुचि त्यागी ने प्रदेश के सभी जिला परिवहन अधिकारियों को आदेश की सख्ती से पालना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण पाना है।

नए सिस्टम से ईमानदारी को बढ़ावा

इस बदलाव से विभाग में ईमानदारी और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। अब लेन-देन का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल रहेगा, जिससे अनियमितताओं पर रोक लगेगी और आमजन को भी अधिक सुविधा मिलेगी।

Similar News