करेड़ा में नरेगा मजदूरों का धरना, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
करेड़ा (भीलवाड़ा)। राजस्थान असंगठित मजदूर यूनियन और महात्मा गांधी नरेगा से जुड़े मजदूरों ने करेड़ा पंचायत समिति मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना दिया। यह धरना शिवपुर, थाना, नारेली और मोटाखेड़ा ग्राम पंचायतों में नरेगा मजदूरों को हो रही समस्याओं और प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ आयोजित किया गया। धरने से पहले हनुमान चौराहे से बस स्टैंड होते हुए रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला मजदूर शामिल रहीं।
पंचायत समिति कार्यालय पर हुई सभा में यूनियन की सचिव लक्ष्मी देवी ने कहा कि मजदूरों को काम मांगने पर अपमान झेलना पड़ रहा है और रसीद तक नहीं दी जाती। यूनियन अध्यक्ष शंकर सिंह ने कहा कि नरेगा कानून का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। सचिव मुकेश गोस्वामी ने पंचायत स्तर पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाया। पूर्व सचिव बालूलाल ने कहा कि फर्जी हाजिरी वालों को लाभ मिल रहा है।
धरने के दौरान यूनियन ने उपखंड अधिकारी और विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों ने तुरंत कार्यवाही शुरू की और तीन दिन में समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद यूनियन ने धरना समाप्त कर दिया।