नगर निगम की लापरवाही से लोग परेशान, कचरे के ढेर में पॉलीथिन खा रहे गौवंश
भीलवाड़ा। शहर में नगर निगम की लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों द्वारा मुख्य सड़कों पर जगह-जगह कचरा डाला जा रहा है, जिससे न केवल गंदगी फैल रही है, बल्कि गौवंश भी इस कचरे में पड़ी पॉलीथिन खा रहे हैं। इससे उनकी सेहत को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है।
प्रभुलाल ने बताया कि कचरे के ठीक पास में प्रसिद्ध धार्मिक स्थल देवरिया बालाजी मंदिर स्थित है, जहां सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। मंदिर के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि नगर निगम को कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन हर बार इसे नजरअंदाज कर दिया जाता है।
लोगों की मांग है कि नगर निगम जल्द से जल्द इस क्षेत्र में सफाई करवाए और इस स्थान पर दोबारा कचरा नहीं डाला जाए। इसके साथ ही लव गार्डन से देवरिया बालाजी रोड पर बने नाले की भी समय पर सफाई नहीं की जाती, जिससे गंदगी और बदबू बनी रहती है। इससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।