भीलवाड़ा में सनातन मंगल महोत्सव की तैयारियां तेज, राज्यपाल और मुख्यमंत्री की संभावित उपस्थिति से प्रशासन सतर्क

Update: 2026-02-08 10:12 GMT


भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी

भीलवाड़ा शहर में पहली बार आयोजित होने जा रहे भव्य सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। हरी सेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के संयोजन में यह महोत्सव 19 से 26 फरवरी तक आयोजित होगा। महोत्सव में राजस्थान के राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित प्रदेश के कई मंत्रीगण एवं भीलवाड़ा जिले के तमाम जनप्रतिनिधियों की संभावित उपस्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।

इसी क्रम में रविवार को पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारियों ने महोत्सव स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम महाराज के साथ आयोजन स्थल सहित पूरे परिसर का भ्रमण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण दल में एएसपी मुख्यालय पारस जैन, सीओ सिटी सज्जन सिंह, सीओ यातायात, भीमगंज थानाधिकारी सुनील चौधरी, कोतवाली थानाधिकारी शिवराज गुर्जर, ट्रैफिक इंचार्ज बाबूलाल टेपन, डीएसबी से एएसआई अरविंद व राजकुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। उनके साथ आयोजन समिति से रविंद्र जाजू, रमेश मूंदड़ा, अशोक मूंदड़ा, हनुमान अग्रवाल, कन्हैयालाल मोरयानी भी उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महोत्सव स्थल के आसपास के मार्गों पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने, यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं और अतिथियों की सुविधा सर्वोपरि रहे तथा किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

गौरतलब है कि इस महोत्सव के दौरान हरी सेवा उदासीन आश्रम के तीन ब्रह्मचारियों को दीक्षा दी जाएगी। इसे सनातन धर्म की साधना परंपरा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। महोत्सव में देश-विदेश से संत-महात्मा, बड़ी संख्या में श्रद्धालु तथा शहर, जिले और प्रदेश के नागरिक सहभागिता करेंगे।

आयोजन समिति के अनुसार, यह महोत्सव आध्यात्मिक चेतना, सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश देगा। प्रशासन और आयोजन समिति के समन्वय से कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है।

Similar News