नेहरू विहार से सिद्धिविनायक हॉस्पिटल तक सड़क किनारे झाड़ियों से नागरिक परेशान

Update: 2026-02-05 10:08 GMT

भीलवाड़ा। शहर के नेहरू विहार से सिद्धिविनायक हॉस्पिटल की ओर जाने वाली मुख्य सड़क के दोनों ओर यूआईटी के खाली पड़े भूखंडों और प्लॉटों में लंबे समय से साफ-सफाई न होने के कारण अनावश्यक पेड़-पौधे और घनी झाड़ियां उग आई हैं। इन झाड़ियों के कारण क्षेत्र में विषैले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है, जिससे नेहरू विहार और तिलक नगर कॉलोनी के नागरिकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिक झाड़ियों के कारण सड़क और आसपास का क्षेत्र साफ दिखाई नहीं देता, जिससे असामाजिक तत्वों को पनपने का मौका मिल रहा है। रात के समय कॉलोनियों में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और चोर वारदात को अंजाम देने के बाद इन्हीं झाड़ियों में छुप जाते हैं।

क्षेत्र निवासी कृष्णा सिंह ने बताया कि झाड़ियों के कारण सांप और अन्य विषैले जीव दिखाई देते हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों में भय का माहौल बना हुआ है।

निवासियों ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार राज्य सरकार की हेल्पलाइन नंबर 181 पर शिकायत दर्ज करवाई गई, लेकिन अब तक संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे नागरिकों में आक्रोश बढ़ रहा है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और यूआईटी से मांग की है कि खाली पड़े भूखंडों की साफ-सफाई करवाई जाए, झाड़ियों को हटाया जाए और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

Tags:    

Similar News