भीलवाड़ा । धर्मनगरी भीलवाड़ा के निकट नौगांवा स्थित श्री सांवरिया सेठ मंदिर में मंगलवार को एक विशाल भजन संध्या का आयोजन सुबह से शाम तक होने जा रहा है। इससे पूर्व सोमवार को भगवान का भव्य श्रृंगार किया गया। सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट, नौगांवा के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम क्षेत्र के भक्तों के लिए आस्था और भक्ति का महासंगम होगा। भजन संध्या के मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध गायक सत्तू सादास होंगे। सत्तू सादास अपनी सुरीली आवाज और चित्त को मोह लेने वाले भजनों से श्रोताओं को भाव-विभोर करेंगे। उनके साथ गुंजन म्यूजिकल ग्रुप, रायला के मंझे हुए कलाकार अपनी वादन कला और प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। आयोजन को लेकर मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने सभी भक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर सांवरिया सेठ के दर्शन करें और भजनों का आनंद लेकर पुण्य के सहभागी बनें। चलो चलें सांवरिया सेठ नौगांवा के पास" इस ध्येय वाक्य के साथ पूरे क्षेत्र में निमंत्रण भेजे गए हैं।