कोहरे की चादर में लिपटा शाहपुरा, ठंड ने थाम दी रफ्तार

Update: 2025-12-22 07:45 GMT

भीलवाड़ा। शाहपुरा क्षेत्र में सोमवार सुबह घने कोहरे और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। हालात इतने गंभीर रहे कि सड़कों पर दृश्यता घटकर महज 5 से 10 मीटर तक सीमित हो गई। दिन निकलने के बावजूद वाहन चालकों को हेडलाइट और फॉग लाइट का सहारा लेना पड़ा, जबकि हाइवे पर वाहनों की गति काफी धीमी रही।

कोहरे के कारण दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजारों और प्रमुख चौराहों पर आम दिनों की तुलना में सन्नाटा पसरा रहा और चहल-पहल बेहद कम नजर आई।

घने कोहरे का असर धार्मिक स्थलों पर भी दिखाई दिया। शाहपुरा का प्रमुख तीर्थ स्थल रामनिवास धाम पूरी तरह कोहरे की चादर में लिपटा रहा, जिससे वातावरण रहस्यमय और शांत दिखाई दिया।

कड़ाके की ठंड से बचने के लिए लोग जगह-जगह अलाव तापते नजर आए। हालांकि इस बदले मौसम ने किसानों के चेहरों पर राहत भी दिखाई दी, क्योंकि विशेषज्ञों के अनुसार यह ठंड रबी फसलों के लिए लाभकारी मानी जा रही है।

Tags:    

Similar News