लापरवाही की हद, बड़ी हरणी में साल भर से बह रहा चंबल का पानी, गंदा पेयजल पीने को मजबूर लोग

Update: 2026-02-05 06:52 GMT


भीलवाड़ा। शहर के बड़ी हरणी गांव के बाहर हरणी महादेव रोड पर पंचवटी के पास जलदाय विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ पिछले करीब एक साल से चंबल पाइपलाइन में आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर बड़े लीकेज हैं, जिसके चलते रोजाना हजारों लीटर शुद्ध पेयजल सड़कों पर बहकर व्यर्थ हो रहा है। विडंबना यह है कि एक तरफ शहर के कई हिस्सों में पानी की किल्लत रहती है, वहीं दूसरी ओर यहाँ महीनों से हो रही इस बर्बादी को रोकने के लिए विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।

सड़क पर लगातार पानी बहने से पूरी सड़क कीचड़ में तब्दील हो चुकी है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों का निकलना दूभर हो गया है। सबसे गंभीर स्थिति पेयजल आपूर्ति को लेकर है; पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण बाहर का गंदा पानी और कीचड़ पाइपों के भीतर चला जाता है, जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्रवासियों के घरों में नलों के जरिए दूषित और बदबूदार पानी पहुँच रहा है। स्थानीय निवासी रामपाल सुथार का कहना है कि वे लंबे समय से कीचड़ मिला पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी गंभीर संकट खड़ा होने की आशंका है।

इलाके के लोगों ने रोष प्रकट करते हुए बताया कि दूषित पानी के सेवन से बच्चों और बुजुर्गों में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है और उन्हें यहाँ इंदौर जैसी किसी बड़ी जलजनित त्रासदी का अंदेशा बना हुआ है। इसके अलावा, जमा हुए पानी में मच्छरों के पनपने से डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का प्रकोप भी फैल रहा है। क्षेत्रवासियों ने जलदाय विभाग को कई बार लिखित और मौखिक रूप से इस समस्या से अवगत कराया है, लेकिन अधिकारियों की कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। विभाग की इस बेरुखी और सुनवाई न होने से स्थानीय जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। यदि समय रहते इन लीकेज को दुरुस्त नहीं किया गया, तो क्षेत्रवासियों ने प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

Similar News